रांची में शहरी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक अहम कदम उठाया गया है, झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा के निर्देश पर शहर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की समीक्षा, उनकी गुणवत्ता जांच, रेजोल्यूशन सुधार और नए स्थानों पर कैमरे लगाने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है।
इस समिति का अध्यक्ष सीआईडी के एडीजी मनोज कौशिक को बनाया गया है वहीं झारखंड जगुआर के डीआईजी इंद्रजीत महथा और रांची के एसएसपी राकेश रंजन को समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। समिति रांची शहरी क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों का विस्तृत निरीक्षण करेगी, इसमें कैमरों की कार्यक्षमता, वीडियो गुणवत्ता, कवरेज क्षेत्र और तकनीकी स्थिति की जांच की जाएगी। साथ ही उन स्थानों की पहचान की जाएगी जहां सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त कैमरे लगाए जाने की आवश्यकता है।
समिति अपनी समीक्षा पूरी करने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को सौंपेगी। इस रिपोर्ट के आधार पर शहर में सीसीटीवी नेटवर्क को और अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
