रांची में अवैध गैस कारोबार कई जगहों पर छापेमारी

राजधानी रांची के चुटिया इलाके में गुरुवार जिला प्रशासन ने अवैध गैस कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त किए। गुप्त सूचना के आधार पर साईं कॉलोनी समेत कई स्थानों पर छापेमारी की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

कार्रवाई जिला प्रशासन और चुटिया पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत की गई। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए सिलेंडरों में कॉमर्शियल सिलेंडर के साथ-साथ उज्ज्वला योजना, इंडेन और भारत गैस के घरेलू सिलेंडर भी शामिल हैं, जिनका उपयोग नियमों के विरुद्ध किया जा रहा था।

प्रशासन को अवैध भंडारण और गैस के काले कारोबार की सूचना मिली थी। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर सभी संदिग्ध ठिकानों की जांच की गई। कार्रवाई देर रात तक जारी रही।

छापेमारी के दौरान पावर हाउस सारा कॉलोनी से करीब 125 सिलेंडर बरामद हुए, जबकि साईं कॉलोनी के एक आवासीय परिसर से 75 से 80 सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अलावा एक छोटे हाथी वाहन से 20 से 22 सिलेंडर और एक अन्य परिसर से 50 से 60 कॉमर्शियल सिलेंडर भी बरामद किए गए।

इस पूरे अभियान का नेतृत्व एसडीओ के निर्देशन में किया गया। सिटी डीएसपी रमन और चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहीं और कार्रवाई को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध गैस कारोबार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही इस मामले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading