केतार प्रखंड सह अंचल कार्यालय में कार्यरत तीन कर्मियों पर गाज गिरी है। उपायुक्त दिनेश यादव ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबित कर्मियों में राजस्व उप निरीक्षक राजेश कुमार, जनसेवक नीरज कुमार सिंह एवं अनुसेवक जितेन्द्र उरांव शामिल हैं। जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल को तीनों कर्मी कार्यालय अवधि के दौरान शराब के सेवन के बाद कार्यालय पहुंचे थे। वहां आए ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया।
उपायुक्त ने बताया कि यह कृत्य सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 का स्पष्ट उल्लंघन है। झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2016 के तहत तीनों कर्मियों को निलंबित करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
