खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स फुटबॉल: झारखंड महिला टीम ने किया क्वालिफाई, ग्रुप डी में रही अव्वल

रांची/कोलकाता। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आगामी मार्च माह में छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए झारखंड की महिला फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अहर्ता हासिल कर ली है।

कोलकाता स्थित एआईएफएफ एनसीई में 19 से 23 फरवरी तक आयोजित ग्रुप डी चयन प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने तीन मैचों में अपराजेय रहते हुए 7 अंक अर्जित किए और अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

ग्रुप डी में चार राज्यों की टक्कर

ग्रुप डी महिला वर्ग में मेजबान पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और झारखंड की टीमें शामिल थीं। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच झारखंड टीम ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया।

मैच दर मैच प्रदर्शन

पहले मैच में झारखंड ने उत्तर प्रदेश को 5-1 से हराया।

दूसरे मुकाबले में पश्चिम बंगाल को 5-0 से करारी शिकस्त दी।

तीसरे और अंतिम लीग मैच में उर्वशी कुमारी के दो शानदार गोल की बदौलत ओडिशा के खिलाफ 2-2 से ड्रा खेला।

इस ड्रा के साथ झारखंड ने कुल 7 अंक जुटाए और ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए क्वालिफाई कर लिया।

खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बधाई

टीम की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदीब्य कुमार सोनू, खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम, झारखंड ओलंपिक संघ के सचिव मधुकांत पाठक, खेल उपनिदेशक राजेश कुमार, झारखंड फुटबॉल संघ के गुलाम रब्बानी, नोडल पदाधिकारी उमेश लोहरा, साझा खेल परामर्शी देवेंद्र सिंह, मणिकांत, महिला टीम की कोच बिना केरकेट्टा, अजय सुबास तिर्की, नूपुर टोप्पो सहित राज्य के खेल प्रेमियों ने टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

झारखंड की महिला फुटबॉल टीम की यह सफलता राज्य में आदिवासी खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी और खेल प्रतिभा को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading