झारखण्ड के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के पौत्र वीर सोरेन की कुल्लू में संदिग्ध मौत, राज्यभर में शोक

रांची/कुल्लू। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के 22 वर्षीय पौत्र वीर सोरेन की हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से राज्यभर में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार, समर्थकों और राजनीतिक हलकों में गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन अपने सात दोस्तों के साथ दो दिन पहले घूमने के लिए हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली क्षेत्र पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सभी दोस्तों ने वहां बर्फबारी के बीच घूमने-फिरने और पर्यटन स्थलों का आनंद लिया।

होटल लौटने पर अचानक बिगड़ी तबीयत

सूत्रों के मुताबिक, शाम के समय होटल लौटने के बाद अचानक वीर सोरेन की तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उनके साथियों ने तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मौत के कारणों पर संशय, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

प्रारंभिक जानकारी में मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। घटना को संदिग्ध मानते हुए स्थानीय प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

हिमाचल के लिए रवाना हुए पूर्व सीएम

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और उनके पुत्र बाबूलाल सोरेन हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो गए हैं। परिवार में शोक का माहौल है। झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने भी इस दुखद घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।

वीर सोरेन का असमय निधन न केवल परिवार बल्कि पूरे राज्य के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading