रजरप्पा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज अपनी विवाह वर्षगांठ के अवसर पर अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ रजरप्पा पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध सिद्धपीठ माँ छिन्नमस्तिका मंदिर में विधिवत् पूजा-अर्चना कर माता रानी से समस्त राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंदिर परिसर में नारियल बलि देकर रक्षा सूत्र बंधवाया तथा शीश झुकाकर माँ छिन्नमस्तिका से राज्य और समाज के कल्याण का आशीर्वाद मांगा। मौके पर उपस्थित धार्मिक पुरोहितों ने परंपरा के अनुरूप पूरे विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न कराई।
इस अवसर पर रजरप्पा मंदिर न्यास समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन को विवाह वर्षगांठ की शुभकामनाएं देते हुए सप्रेम प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। विवाह वर्षगांठ के इस शुभ अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा और उल्लास का विशेष माहौल देखने को मिला।

