रांची JD हाई स्ट्रीट मॉल के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुराग सरावगी ने की खुदकुशी, कारोबारी जगत में शोक

झारखंड की राजधानी रांची के पॉश इलाके से शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। शहर के जाने-माने व्यवसायी, JD हाई स्ट्रीट मॉल के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) अनुराग सरावगी ने रेडियम रोड स्थित ब्लेयर अपार्टमेंट की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद राजधानी के कारोबारी जगत और इलाके में शोक व सनसनी का माहौल है।

छठी मंजिल की बालकनी से लगाई छलांग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुराग सरावगी ब्लेयर अपार्टमेंट में रहते थे। शुक्रवार को उन्होंने अचानक अपने फ्लैट की छठी मंजिल स्थित बालकनी से नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। तेज आवाज सुनकर अपार्टमेंट के सुरक्षाकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जहां उनका लहूलुहान शव पड़ा मिला।

पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी, कोतवाली डीएसपी और स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।

आत्महत्या की वजह अब भी रहस्य

JD हाई स्ट्रीट मॉल के MD अनुराग सरावगी रांची के एक सफल और प्रतिष्ठित व्यवसायी माने जाते थे। उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। साथ ही अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की जा रही है।

नौकरानी ने किया खुलासा

मामले में घर की नौकरानी ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले अनुराग सरावगी का फोन पर किसी से तीखा विवाद हुआ था। इसके बाद वे बालकनी में गए और जोर-जोर से बात करते दिखे, फिर अचानक नीचे कूद गए। बताया जा रहा है कि घटना के समय उनकी पत्नी और बेटा चेन्नई में थे।

इस घटना पर रांची के विभिन्न व्यावसायिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading