रांची: कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विदेशों के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत झारखंड के विद्यार्थियों ने शिष्टाचार भेंट की। इनमें डॉ. रेजिना हांसदा (University of Edinburgh), डॉ. रिचर्ड टोप्पो (University of Oxford), माधुरी खलखो (SOAS University of London), रूबी हेंब्रम (London School of Economics) तथा नोलीना मिंज (University of St Andrews) शामिल रहीं।
स्कॉलर्स ने मुख्यमंत्री की शिक्षा संबंधी दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि “मरंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा परदेशीय छात्रवृत्ति योजना” से राज्य के मेधावी छात्र विदेशों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा के दौरान छात्रवृत्ति लाभुकों से मुलाकात को भी उन्होंने प्रेरणादायी पहल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य झारखंड के छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है। वर्तमान में प्रतिवर्ष 25 छात्र इस योजना का लाभ ले रहे हैं और भविष्य में लाभुकों की संख्या बढ़ाने के लिए सरकार प्रयासरत है। उन्होंने सभी स्कॉलर्स को शुभकामनाएं दीं।
