दिल्ली | दिल्ली विधानसभा को आज बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। यह धमकी ईमेल के जरिए सुबह करीब 7:30 बजे मिली, जिसमें 11 बजे से 1 बजे के बीच विस्फोट होने की बात कही गई थी। धमकी देने वाले ने खुद को खालिस्तानी समूह से जुड़ा बताया है।
धमकी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और भारी सुरक्षा बल मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर को घेर लिया गया। विधानसभा भवन के हर हिस्से (मंत्रियों के कक्ष, स्पीकर रूम, विपक्ष के दफ्तर और स्टाफ रूम) की गहन तलाशी ली जा रही है।
एहतियात के तौर पर पूरे स्टाफ को बाहर निकाल दिया गया है और किसी को भी भवन के अंदर जाने की अनुमति नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां हर कोने की बारीकी से जांच कर रही हैं ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।
आज विधानसभा में बजट पेश होना था, लेकिन इस गंभीर सुरक्षा खतरे को देखते हुए सत्र और बजट पेश करने की प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई और सत्र को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के लिए हाई अलर्ट पर काम कर रही हैं।
