झारखंड नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए आज हो रहे मतदान के बीच मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और उनकी पत्नी सह गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने राजधानी के वार्ड संख्या 26 स्थित मतदान केंद्र पर पहुँचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।सुबह करीब 11 बजे मुख्यमंत्री और विधायक कल्पना सोरेन बूथ पर पहुँचे और सामान्य नागरिकों की तरह कतार में लगकर वोट डाला। मतदान के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि नगर निकाय चुनाव सीधे तौर पर शहर की स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और स्थानीय विकास से जुड़ा होता है। उन्होंने राज्य के सभी मतदाताओं, विशेषकर युवाओं और महिलाओं से अपील की कि वे भारी संख्या में घरों से बाहर निकलें और लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाएं।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी के कारण वार्ड 26 के मतदान केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे, फिर भी आम मतदाताओं का उत्साह देखते ही बनता था। कल्पना सोरेन ने भी वोट डालने के बाद ‘विकसित और सुंदर रांची’ की उम्मीद जताई और कहा कि एक-एक वोट शहर की सूरत बदलने में निर्णायक होता है।
झारखंड के 48 नगर निकायों में आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। मुख्यमंत्री के मतदान करने के बाद चुनावी क्षेत्रों में वोटिंग की रफ्तार में और तेजी देखी जा रही है।
