डुमरी में पूर्व जिप अध्यक्ष राकेश महतो की हत्या, शव जलाने का प्रयास; आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम किया

संवाद सहयोगी, डुमरी (गिरिडीह)। निमियाघाट थाना क्षेत्र के घुटवाली के पास झामुमो के केंद्रीय सदस्य सह पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष राकेश महतो की अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, पहचान मिटाने की नीयत से शव को जलाने का भी प्रयास किया गया।

सुबह खेत की ओर गई एक महिला ने शव देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते यह खबर जंगल में आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। सूचना मिलते ही डुमरी और निमियाघाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गई है तथा फोरेंसिक टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है।

बताया जाता है कि घटना डुमरी थाना क्षेत्र स्थित झारखंड कॉलेज के संस्थापक शिवा महतो के खेत के समीप हुई। राकेश महतो को मारकर शव जलाने की कोशिश की गई थी।

इधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और उच्च स्तरीय जांच की मांग को लेकर डुमरी-फुसरो रोड को जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पुलिस प्रशासन अपराधियों को गिरफ्तार नहीं करता, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा।

राकेश महतो झामुमो के कद्दावर नेता माने जाते थे। उनकी हत्या से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई ने बताया कि उनकी मुलाकात राकेश महतो से बीती शाम ही हुई थी और ऐसी किसी अनहोनी की आशंका नहीं थी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading