रांची में टिटोस रेस्टोरेंट फायरिंग कांड का खुलासा, मुख्य शूटर सचिन यादव गिरफ्तार

रांची: राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित टिटोस रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग और हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य शूटर सचिन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी धनबाद जिले के पुटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत करकेन्द बाजार का रहने वाला है।

पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और घटना के समय पहना गया कपड़ा बरामद किया है। इस पूरे मामले की जानकारी सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को दी।

27 दिसंबर से मिल रही थी रंगदारी की धमकी

जांच में सामने आया है कि टिटोस रेस्टोरेंट के मालिक राजकुमार गोप और उनके सहयोगियों पुष्कर महतो एवं पिंटु कच्छप को 27 दिसंबर से लगातार धमकियां मिल रही थीं। ये धमकियां संगठित अपराधी प्रिंस खान के गिरोह की ओर से दी जा रही थीं।
गिरोह ने इंटरनेट कॉल और ऑडियो मैसेज के जरिए एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।

रंगदारी नहीं देने पर करवाई फायरिंग

पुलिस के अनुसार, रंगदारी की रकम नहीं मिलने पर 7 मार्च को लोधमा स्थित टिटोस रेस्टोरेंट में फायरिंग करवाई गई। इस दौरान रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी को गोली लग गई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

एयरपोर्ट थाना में केस दर्ज, SIT का गठन

इस मामले में एयरपोर्ट थाना कांड संख्या 12/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया, जिसे पूरे मामले की जांच सौंपी गई।

चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार

एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ में इन आरोपियों ने मुख्य शूटर के रूप में सचिन यादव का नाम उजागर किया था।

छापेमारी के बाद दबोचा गया मुख्य आरोपी

लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने आखिरकार सचिन यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने कई अहम खुलासे किए हैं। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

हथियार बरामदगी पर अलग केस दर्ज

बरामद देशी कट्टा के मामले में एयरपोर्ट थाना में कांड संख्या 15/26 के तहत एक अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को हथियार कहां से मिला और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस के अनुसार, सचिन यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ धनबाद जिले के जोगता, राजगंज, बैंक मोड़ और पुटकी थाना में कुल आठ मामले दर्ज हैं, जिनमें कई गंभीर अपराध शामिल हैं।

गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी

फिलहाल पुलिस प्रिंस खान गिरोह के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि रांची में इस गिरोह की पहुंच कितनी है और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading