रांची: संतोष कुमार गंगवार ने 17 फरवरी यानी मंगलवार को लोक भवन में ‘एट होम’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर ‘गणतंत्र दिवस शिविर–2026’ में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने वाले एनसीसी कैडेट्स तथा ‘वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथोन’ के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
राज्यपाल ने कहा कि गणतंत्र दिवस शिविर में राज्य का प्रतिनिधित्व करना अत्यंत गौरव की बात है। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष पर आयोजित ‘वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथोन’ को उन्होंने युवाओं में राष्ट्रभक्ति, फिटनेस और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने वाला प्रेरक आयोजन बताया।
उन्होंने कहा कि National Cadet Corps (एनसीसी) केवल एक संगठन नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम की पाठशाला है। एनसीसी कैडेट्स रक्तदान, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। राज्यपाल ने बताया कि वे स्वयं भी छात्र जीवन में एनसीसी कैडेट रहे हैं।
कार्यक्रम में ‘वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथोन’ के प्रतिभागियों को ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। राज्यपाल ने कहा कि ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य को साकार करने में युवाशक्ति की भूमिका अहम है और एनसीसी इस दिशा में एक मजबूत मंच उपलब्ध कराता है।
