बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश पर छापेमारी, लाखों का अवैध कॉस्मेटिक सामान जब्त

पूर्वी सिंहभूम। बॉम्बे उच्च न्यायालय के निर्देश पर गुरुवार को गोलमुरी थाना क्षेत्र में बड़ी छापेमारी की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह कार्रवाई रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित साईनाथ एंटरप्राइजेज नामक प्रतिष्ठान पर की गई, जहां अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के नाम पर अवैध रूप से कॉस्मेटिक और दैनिक उपयोग के उत्पाद बेचे जा रहे थे।

कोर्ट द्वारा नियुक्त दंडाधिकारी दीप्तोनिल हाजरा के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने दोपहर करीब पौने तीन बजे इलाके की दो अलग-अलग गलियों में स्थित गोदामों और दुकानों पर एक साथ दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों और लोगों में हड़कंप मच गया।

तलाशी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में नेपाल यूनिलीवर ब्रांड के नाम से पैक किए गए टूथपेस्ट, पाउडर, क्रीम और अन्य सौंदर्य प्रसाधन बरामद किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये उत्पाद अधिकृत चैनलों के बजाय नेपाल सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत लाए जा रहे थे और फिर स्थानीय बाजार में असली ब्रांड के नाम पर बेचे जा रहे थे।

अधिकारियों के अनुसार यह न केवल ट्रेडमार्क कानून का उल्लंघन है, बल्कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा हो सकता है, क्योंकि इन उत्पादों की गुणवत्ता और मानक संदिग्ध हैं।

छापेमारी के दौरान जब्त सामग्री की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसकी गिनती, सूची तैयार करने और मूल्यांकन में कई घंटे लग गए। अनुमान है कि जब्त सामान की कीमत लाखों रुपये में है। पूरे स्टॉक को सील कर जब्त कर लिया गया है।

कार्रवाई के बाद पुलिस और कोर्ट की टीम प्रतिष्ठान के संचालकों और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। जांच अब यह पता लगाने पर केंद्रित है कि इस अवैध सप्लाई नेटवर्क के पीछे कौन लोग हैं और इसका नेटवर्क जमशेदपुर सहित किन-किन क्षेत्रों तक फैला है।

सूत्रों के अनुसार, मामले में कॉपीराइट और ट्रेडमार्क उल्लंघन, धोखाधड़ी तथा अवैध आयात-निर्यात से जुड़ी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया जा सकता है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे अन्य संदिग्ध प्रतिष्ठानों पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading