पूर्वी चंपारण। जिले के पीपराकोठी में मोबाइल टावर पर चढ़कर दबाव बनाने की कोशिश करने वाली महिला किरण देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के खतरनाक और कानून तोड़ने वाले कदम बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, बलथरवा निवासी किरण देवी अपने भैसुर रंजीत पासवान की गिरफ्तारी से नाराज होकर बुधवार को पीपराकोठी चौक स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई थीं। रंजीत पासवान को उसी दिन सुबह बिहार मद्य निषेध अधिनियम के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, बीडीओ, फायर ब्रिगेड और अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की मशक्कत और समझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए महिला के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, दबाव बनाने और आत्महत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज (कांड संख्या 205/26) कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तारी के दौरान महिला द्वारा पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और हंगामा किए जाने की भी बात सामने आई है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई थी।
प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की घटनाएं न केवल व्यक्ति के लिए खतरनाक होती हैं, बल्कि कानून-व्यवस्था को भी प्रभावित करती हैं।
