रांची। पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) तथा ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसीज़) ने स्पष्ट किया है कि झारखंड में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह नियंत्रण में और स्थिर है।
रांची के नामकुम स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में झारखंड स्तर के कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रदीप पॉल और पीआईबी के कार्यालय प्रमुख राजेश सिन्हा ने बताया कि राज्य में मजबूत बुनियादी ढांचे, सतत निगरानी और प्रभावी समन्वय के जरिए निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य में 2084 रिटेल आउटलेट (ओएमसी: 1981 और निजी: 103) तथा 5 सप्लाई डिपो संचालित हैं। प्रतिदिन औसतन 1750 केएल पेट्रोल और 3450 केएल डीजल की आपूर्ति हो रही है। वर्तमान में पेट्रोल और डीजल दोनों का लगभग 12-12 दिन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं और बिक्री पर कोई प्रतिबंध नहीं है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराहट में खरीदारी से बचें।
एलपीजी आपूर्ति के संबंध में उन्होंने बताया कि राज्य में 591 वितरकों और 5 बॉटलिंग प्लांट के माध्यम से करीब 67.5 लाख उपभोक्ताओं को सेवा दी जा रही है। प्रतिदिन औसतन 80 हजार रिफिल की डिलीवरी हो रही है और लगभग 5 दिन का बैकलॉग तय समय के अनुसार पूरा किया जा रहा है। व्यावसायिक एलपीजी का 70 प्रतिशत आवंटन स्तर बनाए रखते हुए अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, रेलवे, रक्षा, होटल-रेस्टोरेंट और औद्योगिक इकाइयों को प्राथमिकता दी जा रही है।
एलपीजी सेवाओं में डिजिटलीकरण को बढ़ावा मिला है, जहां 95 प्रतिशत बुकिंग अब डिजिटल माध्यम से हो रही है, जो दो महीने पहले 70 प्रतिशत थी। वहीं 90 प्रतिशत मामलों में डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) का पालन सुनिश्चित किया गया है। उपभोक्ताओं से डिजिटल बुकिंग करने और डिलीवरी के समय डीएसी साझा करने की अपील की गई है।
पीएनजी क्षेत्र में भी तेजी से विस्तार हो रहा है। राज्य में करीब 41 हजार पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध हैं और पिछले एक महीने में लगभग 4000 नए कनेक्शन जोड़े गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के बीच नियमित समन्वय बैठकों के जरिए आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि कहीं किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो तुरंत कार्रवाई की जाती है।
अंत में उन्होंने भरोसा दिलाया कि झारखंड में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और भ्रामक खबरें साझा न करने की अपील की गई।
