रांची: शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE), 2009 के तहत कमजोर एवं अभिवंचित वर्ग के बच्चों के लिए निजी विद्यालयों में 25% आरक्षित सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया रांची जिला प्रशासन द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है। यह प्रक्रिया rteranchi.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन की जा रही है।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया 16 फरवरी 2026 से शुरू हुई थी, जिसकी अंतिम तिथि अभिभावकों की सुविधा को देखते हुए बढ़ाकर 22 मार्च 2026 कर दी गई। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 23 मार्च 2026 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रांची, मंजूनाथ भजन्त्री ने समाहरणालय में संबंधित अधिकारियों के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक की।
बैठक में बताया गया कि जिले के 117 मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में कुल 1161 सीटें आरक्षित हैं। इन सीटों के लिए पोर्टल पर कुल 1499 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि आवेदकों ने 3908 सीटों को विकल्प के रूप में चुना है।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आवेदकों द्वारा जमा किए गए दस्तावेज—जैसे आय, निवास और जाति प्रमाण पत्र—की जांच 26 मार्च 2026 तक हर हाल में पूरी कर ली जाए। यह जांच अनुमंडल, प्रखंड एवं नगर निगम स्तर के अधिकारियों के साथ-साथ स्वास्थ्य संस्थानों के प्रतिनिधियों द्वारा ऑनलाइन की जाएगी।
जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र बच्चों का चयन ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा, जिसकी तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जा रही है, ताकि समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर मिल सके। अभिभावक अपने आवेदन की स्थिति पोर्टल पर देख सकते हैं तथा किसी भी सहायता के लिए दिए गए संपर्क नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

