गणतंत्र दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्नमोरहाबादी मैदान में राज्यस्तरीय समारोह की तैयारियों का हुआ रियल टाइम अभ्यास

रांची। आगामी 26 जनवरी 2026 को मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के क्रम में आज 24 जनवरी 2026 को फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया। यह रिहर्सल उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रांची श्री मंजूनाथ भजंत्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची श्री राकेश रंजन की देखरेख में संपन्न हुआ।

फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों का रियल टाइम अभ्यास किया गया, ताकि मुख्य समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके। इस अवसर पर उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण करते हुए मार्च पास्ट की सलामी ली तथा परेड में शामिल सभी टुकड़ियों को संबोधित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग

रिहर्सल के उपरांत समारोह में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों की ज्वाइंट ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें जिला एवं पुलिस स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान अपर जिला दंडाधिकारी, रांची द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह से संबंधित जारी संयुक्त आदेश की विस्तृत जानकारी सभी को दी गई।

उचित समन्वय से कर्तव्य निर्वहन पर जोर

संयुक्त ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजंत्री ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को समय पर अपने-अपने दायित्व स्थलों पर उपस्थित होकर सौंपे गए कार्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय, झांकियों के निर्धारित समय-सीमा में प्रदर्शन, मेडिकल व्यवस्था की सुदृढ़ता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश

वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन ने समारोह के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश से पूर्व उचित फ्रीस्किंग एवं सभी सुरक्षा मानकों के सख्त अनुपालन पर जोर दिया।

झांकियों के प्रदर्शन हेतु दिशा-निर्देश

उप विकास आयुक्त, रांची श्री सौरभ कुमार भुवनिया ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर झांकियों के सुचारू, अनुशासित एवं समयबद्ध प्रदर्शन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परेड में भाग लेने वाले प्लाटून

राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में निम्नलिखित प्लाटून परेड में हिस्सा लेंगे—

  1. भारतीय सेना
  2. सी.आई.एस.एफ.
  3. सी.आर.पी.एफ.
  4. आई.टी.बी.पी.
  5. झारखंड जगुआर
  6. जे.ए.पी.-1
  7. जे.ए.पी.-2
  8. डी.ए.पी. (पुरुष)
  9. डी.ए.पी. (महिला)
  10. एस.एस.बी.
  11. छत्तीसगढ़ पुलिस
  12. जे.ए.पी.-10 (महिला बटालियन)
  13. होमगार्ड
  14. एन.सी.सी. (गर्ल्स)
  15. एन.सी.सी. (ब्वॉयज)

बैण्ड पार्टियां

समारोह में निम्नलिखित बैण्ड पार्टियां भाग लेंगी—

  1. आर्मी
  2. जे.ए.पी.-1
  3. होमगार्ड
  4. जे.ए.पी.-10 (महिला)

गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड का समादेशन कैप्टन मोहित कुमार सुमन (भारतीय सेना, रांची) द्वारा किया जाएगा, जबकि श्री सुशांत कुमार, परिचारी प्रवर-1, रांची परेड के द्वितीय समादेशक होंगे।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading