रांची। नीरजा सहाय विद्यालय में महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्या द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति गीत प्रस्तुत किए और “भारत माता की जय” तथा “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” जैसे ओजस्वी नारों से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नेताजी के प्रेरणादायी जीवन वृत्तांत, उनके त्याग, संघर्ष और देशहित में किए गए अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए त्वरित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अपने संबोधन में प्राचार्या ने छात्रों को नेताजी सुभाष चंद्र बोस के त्याग और बलिदान से अवगत कराते हुए युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत की तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन छात्रा अनम रिज़वान ने किया, जबकि शिक्षिका श्वेता सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।
