खूंटी क्षेत्र के आदिवासी समाज के पड़हा राजा स्वर्गीय सोमा मुंडा की अपराधियों द्वारा गोली मारकर की गई निर्मम हत्या से पूरे इलाके में गहरा शोक व्याप्त है। इस हृदयविदारक घटना को लेकर आज युवा नेता ओम शंकर गुप्ता के नेतृत्व में कैंडल जलाकर स्वर्गीय सोमा मुंडा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर ओम शंकर गुप्ता ने कहा कि सोमा मुंडा की हत्या केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे आदिवासी समाज की अस्मिता और परंपराओं पर हमला है। उन्होंने इस जघन्य अपराध में शामिल दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उन्हें कठोर से कठोर सजा दिलाने की मांग की।
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए भगवान से प्रार्थना भी की। कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने एक स्वर में न्याय की मांग करते हुए कहा कि जब तक अपराधियों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक उनकी आवाज बुलंद की जाती रहेगी।
युवा नेता ओम शंकर गुप्ता ने प्रशासन से निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को न्याय दिलाना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
