उलीडीह को मिला नया खेल मैदान, अशोक मुंडा ने किया उद्घाटन

नामकुम | 13 जनवरी 2026
नामकुम प्रखंड के हाहाप पंचायत अंतर्गत उलीडीह गांव को आज एक बड़ी सौगात मिली। राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा एवं भाजपा खिजरी मंडल अध्यक्ष व केन्द्रीय सरना समिति के प्रधान महासचिव अशोक मुंडा के सौजन्य से नवनिर्मित फुटबॉल मैदान का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष अशोक मुंडा ने किया। इसी अवसर पर मैदान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का भी विधिवत शुभारंभ हुआ।

उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अशोक मुंडा ने कहा कि उलीडीह गांव के ग्रामीणों द्वारा काफी पहले ही खेल मैदान के लिए स्थल का चयन कर लिया गया था, लेकिन आर्थिक संसाधनों के अभाव में मैदान का निर्माण नहीं हो पा रहा था। ग्रामीण लंबे समय से फुटबॉल मैदान की मांग कर रहे थे, जिसे राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा के समक्ष रखा गया। सांसद के दिशा-निर्देश पर पहल करते हुए मैदान का समतलीकरण कर खेल मैदान का निर्माण कराया गया।

उन्होंने कहा कि खेल मैदान केवल खेल गतिविधियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम भी होता है। मैदान के निर्माण से अब गांव के खिलाड़ियों को अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं के लिए दूसरे गांवों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

खेल मैदान बनने से उलीडीह गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में खासा उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि अब गांव के बच्चे और युवा यहीं अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकेंगे। साथ ही भविष्य में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं एवं सामाजिक आयोजनों के लिए भी इस मैदान का उपयोग किया जा सकेगा।

आयोजकों ने बताया कि दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 15 जनवरी को टुसू मेला के अवसर पर खेला जाएगा, जिसे लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह है।

इस अवसर पर समीर राय, संदीप मंडल, रमेश मुंडा, शिलाश टूटी, मंगल टूटी, अविनाश टूटी, जॉनसन टूटी, गणपत मुंडा, पांडू मुंडा, संदीप टूटी, प्रेम मुंडा, राकेश मुंडा, मदन टोप्पो, सूर्या कांत मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading