रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में 10 जनवरी को महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग (HIL) का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस ऐतिहासिक मुकाबले में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेल एवं युवा कार्य मंत्री श्री सुदिव्य कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) के अध्यक्ष दातो तैय्यब इकराम तथा विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन भी विशेष रूप से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी।
SG पाइपर्स और श्राची बंगाल टाइगर्स के बीच खिताबी मुकाबला
महिला HIL का फाइनल मुकाबला SG पाइपर्स और श्राची बंगाल टाइगर्स के बीच खेला जाएगा। दोनों ही टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और अब खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। दर्शकों को एक रोमांचक और उच्चस्तरीय मुकाबले की उम्मीद है।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष एवं हीरो हॉकी इंडिया लीग गवर्निंग कमेटी के चेयरपर्सन डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा कि इतने प्रतिष्ठित अतिथियों की उपस्थिति राज्य सरकार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉकी को मिल रहे मजबूत समर्थन को दर्शाती है। इससे महिला हॉकी को नई पहचान और मजबूती मिलेगी।

वहीं हॉकी इंडिया के महासचिव श्री भोला नाथ सिंह ने कहा कि महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग युवा एवं प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान कर रही है। फाइनल मुकाबले में विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी लीग की बढ़ती लोकप्रियता और सफलता का प्रमाण है।
