रांची। नए साल की शुरुआत के साथ ही झारखंड को केंद्र की मोदी सरकार से एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। केंद्र सरकार ने रांची–साहिबगंज 4 लेन एक्सप्रेसवे परियोजना को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही राज्य में 4 स्पीडी कॉरिडोर के विकास के लिए भी केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग दिए जाने का भरोसा मिला है।
इन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने हरी झंडी दिखा दी है। जानकारी के अनुसार, झारखंड में प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को लेकर मंगलवार (6 जनवरी) को नई दिल्ली में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने झारखंड सरकार के अधिकारियों से सभी परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली और इसके बाद उन्हें मंजूरी प्रदान की।

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन से कहा कि सभी स्वीकृत परियोजनाओं को प्रधानमंत्री गतिशक्ति पोर्टल पर अपलोड किया जाए, ताकि उनके क्रियान्वयन, प्रगति और निगरानी को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।

रांची–साहिबगंज 4 लेन एक्सप्रेसवे के निर्माण से राज्य के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के बीच आवागमन तेज होगा, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। वहीं, स्पीडी कॉरिडोर के विकास से झारखंड के औद्योगिक और आर्थिक परिदृश्य को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
