पटना। बिहार के सर्राफा बाजार से एक बड़ी और महत्वपूर्ण खबर सामने आ रही है। ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त बनाने के उद्देश्य से बिहार देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां अब ज्वेलरी दुकानों में हिजाब, नक़ाब, हेलमेट या किसी भी प्रकार से चेहरा ढककर आने पर रोक लगा दी गई है। यह निर्णय ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्ड फेडरेशन (AIJGF) के निर्देश पर लिया गया है, जो कल से पूरे प्रदेश में प्रभावी हो जाएगा।
सुरक्षा कारणों से लिया गया निर्णय
ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्ड फेडरेशन के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने इस फैसले की पुष्टि करते हुए कहा कि यह कदम किसी भी धार्मिक या व्यक्तिगत भावना को ठेस पहुँचाने के उद्देश्य से नहीं लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय पूरी तरह से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया गया है। कल से राज्य की किसी भी ज्वेलरी दुकान में पूरी तरह चेहरा ढककर आने वाले ग्राहकों को न तो प्रवेश दिया जाएगा और न ही उन्हें किसी प्रकार की बिक्री की जाएगी।

सोने-चांदी की आसमान छूती कीमतें बनी वजह
फेडरेशन के अनुसार, वर्तमान समय में सोने और चांदी की कीमतें ऐतिहासिक स्तर पर पहुँच चुकी हैं। 10 ग्राम सोने की कीमत लगभग ₹1,40,000 और एक किलो चांदी की कीमत करीब ₹2,50,000 तक पहुँच गई है। इतनी अधिक कीमतों के कारण ज्वेलरी दुकानें हमेशा अपराधियों के निशाने पर रहती हैं, जिससे चोरी और लूट की आशंका बढ़ जाती है।

व्यापारियों ने किया फैसले का स्वागत
सर्राफा व्यापारियों का मानना है कि इस फैसले से दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और अपराध पर अंकुश लगेगा। साथ ही, सीसीटीवी निगरानी और पहचान में भी आसानी होगी।
यह निर्णय राज्यभर के ज्वेलरी व्यापारियों के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है, जो ग्राहकों और व्यापार दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया है।
