मुख्यमंत्री ने दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम दौरे की तैयारियों की समीक्षा की

रांची:
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में अधिकारियों के साथ 18 से 26 जनवरी 2026 तक प्रस्तावित दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम (लंदन) दौरे की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री एवं अधिकारियों के बीच अंतरराष्ट्रीय दौरे से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि उनके नेतृत्व में झारखंड का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच (वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम) की वार्षिक बैठक में सहभागिता करेगा। यह पहला अवसर होगा जब झारखंड का प्रतिनिधिमंडल इस प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर भाग लेगा, जिसे राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। सम्मेलन में विश्व के प्रमुख निवेशक, उद्योगपति एवं गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।

अधिकारियों ने बताया कि दावोस में प्रस्तावित बैठकों एवं कार्यक्रमों के माध्यम से झारखंड की खनिज संपदा, औद्योगिक आधारभूत संरचना, सतत विकास आधारित दृष्टिकोण, पर्यटन संभावनाओं तथा निवेश के विविध अवसरों को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। इस संबंध में विभागीय तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री को यह भी जानकारी दी गई कि दावोस यात्रा के पश्चात प्रतिनिधिमंडल यूनाइटेड किंगडम (लंदन) का दौरा करेगा। लंदन दौरे के दौरान संस्थागत, शैक्षणिक एवं निवेश-उन्मुख सहयोग, नीति एवं ज्ञान आधारित संवाद तथा भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ संवाद के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। लंदन यात्रा से संबंधित बैठकों एवं आयोजनों की विस्तृत रूपरेखा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई।

यह अंतरराष्ट्रीय दौरा राज्य में निवेश आकर्षित करने, औद्योगिक विकास को गति देने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम प्रवास के दौरान उद्योगपतियों, निवेशकों एवं संस्थागत प्रतिनिधियों के साथ संवाद के माध्यम से दीर्घकालिक सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि निवेश की दृष्टि से राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल का यह अंतरराष्ट्रीय दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियाँ समन्वित, प्रभावी एवं सुव्यवस्थित हों। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि झारखंड को एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने तथा बहुराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ सहयोग के नए अवसर सृजित करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि दावोस एवं यूनाइटेड किंगडम का यह प्रस्तावित दौरा झारखंड में निवेश, औद्योगिक विस्तार और समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।

बैठक में मंत्री श्री सुदिव्य कुमार, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव (गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन) श्रीमती वंदना दादेल, मंत्रिमंडल सचिव श्री प्रशांत कुमार, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण सचिव श्री कृपानंद झा, उद्योग सचिव श्री अरवा राजकमल, पर्यटन सचिव श्री मनोज कुमार, आदिवासी कल्याण आयुक्त श्री कुलदीप चौधरी, निदेशक (खान एवं भू-तत्व) श्री राहुल सिन्हा, प्रबंध निदेशक जियाडा श्री वरुण रंजन, निदेशक उद्योग श्री विशाल सागर, निदेशक आईपीआरडी श्री राजीव लोचन बक्शी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading