रांची के सदर थाना क्षेत्र से लापता हुई 18 महीने की मासूम अदिति पांडे का शव गाड़ीगांव इलाके के एक बड़े नाले से बरामद किया गया । शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अदिति रविवार को कोकर खोरहा टोली स्थित अपने घर के पास से लापता हो गई थी। बताया गया कि वह अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी अचानक गायब हो गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई।
रांची पुलिस लगातार जांच और छापेमारी में जुटी रही। बच्ची की तलाश के लिए एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को भी लगाया गया। एनडीआरएफ ने विशेष उपकरणों के साथ घर के आसपास स्थित नालों और जलभराव वाले इलाकों में सर्च अभियान चलाया। क्यूंकि बच्ची के गायब होने से पहले भारी बारिश हुई थे पुलिस को पहले से ये शक था कि बच्ची पानी में गिर कर तेज बहाव में बह गयी होगी। इसके साथ ही पुलिस ड्रोन और तकनीकी संसाधनों की मदद से पूरे इलाके की निगरानी कर रही थी।
पुलिस ने अदिति के संबंध में सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की थी। लगातार तीन दिनों तक चले ऑपरेशन के बाद मंगलवार को गाड़ीगांव के बड़े नाले से बच्ची का शव बरामद किया गया।
फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
