स्वामी विवेकानंद जयंती पर रांची में “एक शाम युवाओं के नाम” कार्यक्रम 12 जनवरी को, देश-विदेश में होगा सीधा प्रसारण

रांची |
श्री हनुमान सेवा संस्थान, रांची एवं जीवन प्रबंधन समूह के संयुक्त तत्वावधान में एक अभिनव और प्रेरणादायी अनुष्ठान “एक शाम युवाओं के नाम” का आयोजन 12 जनवरी 2026 को राजधानी रांची में किया जाएगा। यह कार्यक्रम डिबडीह स्थित द कार्निवाल, न्यू अलकापुरी में संध्या 6:00 बजे से 9:00 बजे तक आयोजित होगा।

इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में श्री हनुमान सेवा संस्थान के अध्यक्ष राकेश भास्कर एवं उपाध्यक्ष प्रमोद सारस्वत ने जानकारी दी कि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण संस्कार चैनल सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय चैनलों के माध्यम से देश-विदेश में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर “एक शाम युवाओं के नाम” कार्यक्रम का आयोजन झारखंड की राजधानी रांची में पिछले 15 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान स्वामी विवेकानंद जी और श्री हनुमान जी के चरित्र को जोड़ते हुए सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित उस भारत की परिकल्पना प्रस्तुत की जाएगी, जिसकी पहचान विश्व में आध्यात्मिक गुरु के रूप में हो।
इस अवसर पर “मेरे सपनों का भारत” विषय पर प्रसिद्ध वक्ता पंडित विजय शंकर मेहता जी का सारगर्भित उद्बोधन होगा। साथ ही, जीवन की समस्याओं के समाधान हेतु श्री हनुमान जी महाराज से प्रेरणा लेते हुए हनुमान चालीसा का सामूहिक जाप भी किया जाएगा।

कार्यक्रम से पूर्व 12 जनवरी को संस्था द्वारा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया है।
सुबह 8:30 बजे वृक्षारोपण, माननीय प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान के अंतर्गत प्रातः 9:00 बजे स्वच्छता कार्यक्रम, तथा दोपहर 12:30 बजे से 3:00 बजे तक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
उपाध्यक्ष प्रमोद सारस्वत ने कहा कि रक्तदान को जीवन का सबसे बड़ा महादान माना जाता है और अधिक से अधिक लोगों को इस शिविर में भाग लेकर समाज सेवा में योगदान देना चाहिए।

संस्था की ओर से माननीय राज्यपाल, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व पार्षद, नगर अध्यक्ष, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित शहर के सभी गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रण भेजा गया है।

प्रेस वार्ता में अध्यक्ष राकेश भास्कर, उपाध्यक्ष प्रमोद सारस्वत के अलावा धर्मेंद्र तिवारी, वीरेंद्र सिंह, सुरेश सिंह, राज किशोर सिंह, अजय सिंह, आलोक कुमार, इंद्रजीत यादव, बिमलेश जी, अरविंद जी, रामचंद्र जायसवाल, सुदर्शन सिंह, दया भास्कर, विवेक भास्कर, जया भास्कर, भाब्या भास्कर सहित संस्था के कई सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading