रांची। भारतीय डाक विभाग के अंतर्गत रांची जीपीओ से आज लॉजिस्टिक पोस्ट सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रांची–सिमडेगा मार्ग के लिए पहली लॉजिस्टिक पोस्ट गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि Ram Vilas Chaudhary (निदेशक डाक सेवाएं, झारखंड डाक परिमंडल) ने सेवा का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह पहल राज्य के व्यापारिक और औद्योगिक विकास को नई गति देगी। उन्होंने बताया कि लॉजिस्टिक पोस्ट सेवा के माध्यम से ग्राहकों को किफायती दरों पर तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस मौके पर सहायक निदेशक (व्यवसाय विकास) Santanu Azad ने सेवा की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह सुविधा खासकर ई-कॉमर्स, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) और स्थानीय व्यापारियों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ डाक अधीक्षक B K Pandit, वरिष्ठ पोस्टमास्टर Kamlesh Ram, सहायक अधीक्षक डाक Amar Kumar Verma तथा मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव Sandeep Kumar Mahto सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में व्यापारी व व्यावसायिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नई लॉजिस्टिक पोस्ट सेवा के जरिए रांची से सिमडेगा समेत आसपास के प्रमुख शहरों तक सामान की तेज, सुरक्षित और किफायती ढुलाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे क्षेत्रीय व्यापार को मजबूती मिलने के साथ-साथ स्थानीय उद्यमियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
वरिष्ठ डाक अधीक्षक, रांची मंडल ने सभी व्यापारियों और उद्यमियों से अपील की है कि वे इस नई सेवा का अधिकतम लाभ उठाएं और डाक विभाग के साथ जुड़कर अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।
