खेलो इंडिया जनजातीय खेल 2026 में झारखंड का दमदार प्रदर्शन, मलखम्ब टीम ने जीता कांस्य पदक

रांची, 17 अप्रैल 2026।
झारखंड के प्रतिभाशाली मलखम्ब खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर राज्य का नाम रोशन किया है। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित सरगुजा गांधी स्टेडियम में आयोजित खेलो इंडिया जनजातीय खेल 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद खिलाड़ियों ने आज राजभवन पहुंचकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर झारखंड राज्य मलखम्ब एसोसिएशन के महासचिव डॉ. अजय झा ने राज्यपाल को जानकारी दी कि झारखंड के खिलाड़ियों ने बालक और बालिका—दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल रैंकिंग में कांस्य पदक हासिल किया।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं में खेलों के प्रति गहरी रुचि और समर्पण देखने को मिलता है। खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की पहचान मजबूत कर रहे हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों को आगे और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि झारखंड के खिलाड़ी आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ेंगे।

गौरतलब है कि ‘खेलो इंडिया जनजातीय खेल–2026’ का आयोजन देश के जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया था। इस प्रतियोगिता का आधिकारिक शुभंकर ‘मोरवीर’ रहा, जो जनजातीय संस्कृति और साहस का प्रतीक है।

झारखंड के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि न केवल राज्य के खेल इतिहास में एक नई प्रेरणादायक कहानी जोड़ती है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी मार्गदर्शक साबित होगी।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading