मईयां सम्मान योजना में गड़बड़ी: पूर्वी सिंहभूम में 4,068 लाभुकों से होगी राशि की वसूली

जमशेदपुर :- पूर्वी सिंहभूम जिले में मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना के लाभुकों के सत्यापन के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। दस्तावेजों की जांच और भौतिक सत्यापन के आधार पर अब तक 4,068 लाभुकों से योजना के तहत प्राप्त राशि की शत-प्रतिशत वसूली की तैयारी की जा रही है। इन लाभुकों पर गलत जानकारी देने अथवा तथ्य छिपाकर योजना का लाभ लेने का आरोप है।जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे सत्यापन अभियान में अब तक 6,974 लाभुकों के नाम योजना की सूची से हटाए जा चुके हैं। इनमें मृत लाभुकों के मामले भी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार जिन लाभुकों को अपात्र पाया गया है, उनसे नियमानुसार राशि की वसूली की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।जिले में मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना के कुल 3,07,071 पंजीकृत लाभुक हैं। इनमें से 2,89,019 लाभुकों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है। जांच में लगभग 90 प्रतिशत लाभुक पात्र पाए गए हैं, जबकि 11,078 लाभुकों का सत्यापन अभी शेष है। प्रशासन का कहना है कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद लाभुकों की अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।जांच के दौरान ऐसे कई मामले भी सामने आए हैं, जिनमें लाभुकों के बैंक खातों में पिछले कुछ महीनों से योजना की राशि नहीं पहुंच रही है। लाभुकों का कहना है कि सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भुगतान फिर से शुरू किए जाने की जानकारी उन्हें दी गई है।विभागीय अधिकारियों के अनुसार शेष लाभुकों का सत्यापन पूरा होते ही अपात्र पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई और राशि वसूली की प्रक्रिया और तेज की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ केवल पात्र लाभुकों को ही दिया जाएगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading