रामनवमी के दिन CBSE 12वीं बोर्ड के परीक्षार्थियों को नहीं होगी असुविधा, छात्रों के लिए प्रशासन की खास तैयारी

रामनवमी पर्व और CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा के एक ही दिन पड़ने को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। 27 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन द्वारा शहर में निकलने वाले पारंपरिक जुलूस, संभावित भीड़ और बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए विशेष ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया गया है। परीक्षा केंद्रों तक छात्रों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कई स्थानों पर रूट डायवर्जन लागू किए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों और परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए जाएंगे, ताकि सुरक्षा और व्यवस्था पूरी तरह से बनी रहे।

समय से पहले निकलने की अपील

रामनवमी के दौरान कुछ क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन आंशिक रूप से प्रभावित हो सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे बच्चों को समय से पहले परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की योजना बनाएं। साथ ही परीक्षार्थियों को भी सलाह दी गई है कि वे समय से पहले घर से निकलें और प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें।

सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो साझा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि रामनवमी पर्व और CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा-दोनों का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading