भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान Mahendra Singh Dhoni मैदान के साथ-साथ टैक्स भुगतान के मामले में भी नंबर वन बने हुए हैं। आयकर विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में झारखंड और बिहार से कुल करीब 20 हजार करोड़ रुपये का टैक्स संग्रह किया गया है, जिसमें सबसे अधिक व्यक्तिगत आयकर भुगतान धोनी ने किया है।
प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि Mahendra Singh Dhoni लगातार एक बार फिर दोनों राज्यों के सबसे बड़े व्यक्तिगत टैक्स पेयर बने हैं। हालांकि विभाग की ओर से उनके द्वारा चुकाई गई टैक्स राशि का खुलासा नहीं किया गया।
आंकड़ों के मुताबिक कुल 20 हजार करोड़ रुपये के राजस्व में से करीब 12 हजार करोड़ रुपये झारखंड से जबकि 8 हजार करोड़ रुपये बिहार से प्राप्त हुए हैं। विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष में भी 20 हजार करोड़ रुपये का लक्ष्य तय किया है और उम्मीद जताई है कि झारखंड से पिछले साल की तरह लगभग 12 हजार करोड़ रुपये का राजस्व मिलेगा।
वहीं कंपनियों की बात करें तो सबसे अधिक टैक्स देने वालों में Central Coalfields Limited (CCL), Bharat Coking Coal Limited (BCCL) और CMPDI शामिल हैं। इन सार्वजनिक उपक्रमों का झारखंड और बिहार की अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान माना जाता है।
आयकर विभाग का कहना है कि दोनों राज्यों में टैक्स संग्रह लगातार बढ़ रहा है, जो आर्थिक गतिविधियों में तेजी और करदाताओं की बढ़ती भागीदारी का संकेत है।
