रांची, 15 जनवरी।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली ट्रैक साइक्लिंग प्रतियोगिता का गुरुवार को खेलगांव स्थित सिद्धो–कान्होस वेलोड्रोम स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने किया।
उद्घाटन अवसर पर उपायुक्त ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी स्पष्ट लक्ष्य के साथ कड़ी मेहनत करें, जिससे वे भविष्य में राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में झारखंड में खेल आधारभूत संरचना का उल्लेखनीय विकास हुआ है और जिला प्रशासन खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करता रहेगा। खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का भी सशक्त माध्यम है।
इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी रांची कुमार रजत, झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव मधुकांत पाठक, एथलेटिक संघ के एस.के. पांडेय, जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र सिंह, सुरेश कुमार, शैलेंद्र पाठक, सुरजीत सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने किया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
गुरुवार को आयोजित ट्रैक साइक्लिंग मुकाबलों में विभिन्न आयु वर्गों की आईटीटी स्पर्धाओं में देशभर के प्रतिभाशाली साइकिलिस्टों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। आईटीटी 500 मीटर (बालक अंडर–14) वर्ग में मणिपुर के पोइरेंगानबा चानमबाम ने स्वर्ण, मणिपुर के मयेंगबाम हेंथोई सिंह ने रजत एवं राजस्थान के अभिनव बिश्नोई ने कांस्य पदक जीता।

आईटीटी 500 मीटर (बालक अंडर–17) वर्ग में दिल्ली के नरेंगमाम मैक्सन सिंह ने स्वर्ण, मणिपुर के युमनाम सुशील सिंह ने रजत तथा अंडमान एवं निकोबार के लियोनाल्ड बैकर ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं आईटीटी 500 मीटर (बालिका अंडर–17) वर्ग में अंडमान एवं निकोबार की नमिता वॉयलेट ने स्वर्ण, महाराष्ट्र की गायत्री चंद्रशेखर तंबवेकर ने रजत और अंडमान एवं निकोबार की आईएस ब्रिडनी ने कांस्य पदक जीता।
आईटीटी 500 मीटर (बालिका अंडर–19) वर्ग में झारखंड की सबिना कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया। इस वर्ग में अंडमान एवं निकोबार की ब्रिटनी को रजत और पंजाब की प्रभजोत कौर बेहनीवाल को कांस्य पदक मिला।

आईटीटी 1000 मीटर (बालक अंडर–19) वर्ग में झारखंड के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। बिकाश उरांव ने स्वर्ण तथा नारायण महतो ने रजत पदक जीतकर राज्य के खाते में दो और पदक जोड़े, जबकि पंजाब के अरशदीप सिंह को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासकीय पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी सहित अन्य अधिकारियों ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
