रांची: जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति में आ रही समस्याओं को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अपने कार्यालय कक्ष में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करना, समस्याओं की समीक्षा करना और त्वरित समाधान निकालना था।
बैठक में विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम गोपाल पांडेय, डीएसपी मुख्यालय अमर कुमार पांडेय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स तथा Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum Corporation और Hindustan Petroleum Corporation के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से मिल रही शिकायतों- जैसे गैस सिलेंडर की अनियमित आपूर्ति, डिलीवरी में देरी, बुकिंग सिस्टम में तकनीकी खामियां और कुछ जगहों पर स्टॉक की कमी-पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि गैस की मांग और आपूर्ति के बीच के अंतर को जल्द से जल्द कम किया जाए। साथ ही, आपूर्ति प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए तत्काल कदम उठाने को कहा गया।
निगरानी टीम और सख्त निर्देश
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला प्रशासन विशेष निगरानी टीम बनाकर गैस आपूर्ति की लगातार समीक्षा करेगा। डिस्ट्रीब्यूटर्स को अतिरिक्त सिलेंडर उपलब्ध कराने और तय समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शिकायत के लिए ईमेल और व्हाट्सएप सुविधा
एलपीजी से जुड़ी शिकायतों के लिए जिला प्रशासन ने lpgranchi2026@gmail.com
ईमेल आईडी शुरू की है। इसके अलावा, नागरिक अबुआ साथी व्हाट्सएप नंबर 9430328080 पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सभी शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर कार्रवाई की जाएगी।
कालाबाजारी पर सख्ती
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर कड़ी नजर रखी जा रही है। दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जबरन सिलेंडर लेने वालों पर भी कार्रवाई
उपायुक्त ने कहा कि कुछ स्थानों पर लोग डिलीवरी के दौरान जबरन गैस सिलेंडर ले लेते हैं, जिससे वैध उपभोक्ताओं को परेशानी होती है। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए जरूरत पड़ने पर गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी और सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी।
पैनिक बुकिंग से बचने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस की पैनिक बुकिंग न करें।
PNG अपनाने की सलाह
उपायुक्त ने कहा कि जहां संभव हो, वहां पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) को अपनाएं। उन्होंने बताया कि PNG एक सुरक्षित, निरंतर, पर्यावरण-अनुकूल और किफायती विकल्प है। कनेक्शन के लिए इच्छुक उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1800-123-121111 पर संपर्क कर सकते हैं।
अंत में, उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और गैस आपूर्ति व्यवस्था को जल्द ही बेहतर बनाया जाएगा।
