आईपीएल 28 मार्च से शुरू होगा जिसका उद्घाटन मैच मौजूदा चैंपियन आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा। यह मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। IPL का फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा।
कर्नाटक सरकार ने सोमवार को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैचों की मेजबानी करने की औपचारिक मंजूरी दे दी। इसके साथ ही इस स्टेडियम में आईपीएल मैचों के आयोजन को लेकर पिछले लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता भी समाप्त हो गई। पिछले साल आरसीबी के चैंपियन बनने के बाद यहां आयोजित किए गए समारोह के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी। आईपीएल 28 मार्च से शुरू होगा जिसमें मौजूदा चैंपियन आरसीबी उद्घाटन मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगा। यह मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
केएससीए के अधिकारियों, आरसीबी के शीर्ष प्रबंधन और जी महेश्वर राव की अध्यक्षता वाली विशेषज्ञ समिति के सदस्यों की सोमवार को बैठक हुई जिसके बाद अंतिम मंजूरी दी गई। चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी के पांच घरेलू मैच खेले जाएंगे, जबकि अन्य दो मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण स्टेडियम में होंगे। यह फ्रेंचाइजी और छत्तीसगढ़ सरकार के बीच पहले से हुए समझौते के अनुसार है। वहीं, आईपीएल नियमनुसार चिन्नास्वामी स्टेडियम फाइनल मैच की मेजबानी भी करेगा।
