रांची। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आज दिनांक 19 जनवरी 2025 को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। जनता दरबार में जिले के सुदूर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से सैकड़ों नागरिक अपनी विभिन्न समस्याएं एवं फरियाद लेकर पहुँचे।
जनता दरबार में मुख्य रूप से भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रमाण-पत्र निर्गमन, राजस्व मामलों, जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ में विलंब तथा विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। उपायुक्त ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सख्त शब्दों में कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब या शिकायतों को लंबित रखना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारियों को निर्धारित समय के भीतर कार्रवाई कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों को एक ही मंच पर त्वरित, पारदर्शी एवं न्यायसंगत समाधान उपलब्ध कराना है। आवश्यकता पड़ने पर अधिकारियों को स्वयं स्थल निरीक्षण कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

अंचल अधिकारी इटकी को फटकार, शो-कॉज जारी
जनता दरबार में 90 वर्षीय अली हसन द्वारा इटकी अंचल में जमाबंदी से जुड़ी समस्या रखी गई। शिकायत पर उपायुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अंचल अधिकारी इटकी मो. अनीश को कड़ी फटकार लगाते हुए शो-कॉज किया तथा नगड़ी के संबंधित राजस्व कर्मचारी अनीता हेमरोम पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
सोनाहातु अंचल में पंजी-2 सुधार में लापरवाही
प्रकाश कुमार महतो द्वारा अगस्त 2024 से लंबित पंजी-2 सुधार का मामला सामने आने पर उपायुक्त ने अंचल अधिकारी सोनाहातु श्री मनोज कुमार महथा एवं संबंधित कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा।
सरना पूजा स्थल घेराव की शिकायत
ग्राम बादालु निवासियों द्वारा सरना पूजा स्थल घेराव में अनियमितता की शिकायत पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को मामले की गंभीरता से जांच करने का निर्देश दिया।
बुढ़मू में दुर्व्यवहार की शिकायत पर जांच के निर्देश
बुढ़मू निवासी भुटकी देवी की शिकायत पर उपायुक्त ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारी को पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया।
16 विस्थापित परिवारों की भूमि पर भू-माफियाओं का कब्जा
गेतलसुद डैम से विस्थापित 16 परिवारों द्वारा खरीदी गई भूमि पर अवैध समतलीकरण और घेराबंदी की शिकायत पर उपायुक्त ने वरीय पुलिस अधीक्षक रांची एवं अनुमंडल पदाधिकारी को तत्काल जांच कर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

मारपीट एवं चोरी के मामले में पुलिस को निर्देश
बुढ़मू थाना क्षेत्र की पुनम देवी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए।
मनगढ़ंत आरोप पर जांच के निर्देश
नामकुम अंचल से संबंधित एक मामले में लगाए गए मनगढ़ंत आरोपों की सत्यता जांचने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में किसी पदाधिकारी पर झूठे आरोप न लगाए जा सकें।

ऐतिहासिक बसारगढ़ तालाब को नुकसान
वार्ड संख्या-53 के 100 वर्ष पुराने ऐतिहासिक बसारगढ़ तालाब को नुकसान पहुंचाने की शिकायत पर उपायुक्त ने तत्काल जांच कर कार्य रोकने का आदेश दिया।
जनता दरबार के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे नागरिकों में संतोष और राहत देखी गई। लोगों ने उपायुक्त की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार का सीधा संवाद प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत करता है।
जिला प्रशासन का यह प्रयास आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं प्रशासन को अधिक जन-केंद्रित और प्रभावी बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
