धनबाद: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के धनबाद पहुंचने पर एयरपोर्ट परिसर में जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का औपचारिक स्वागत किया।
एयरपोर्ट से सीधे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ पूर्व विधायक आनंद महतो के बलियापुर (बड़ादाहा) स्थित आवास पहुंचे। वहां उन्होंने पूर्व विधायक आनंद महतो के दिवंगत सुपुत्र डॉ. बुद्धदेव महतो के श्राद्ध कार्यक्रम में भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत डॉ. बुद्धदेव महतो के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।
विधायक कल्पना सोरेन ने भी श्रद्धांजलि अर्पित कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री एवं विधायक ने आनंद महतो और उनके परिजनों से मिलकर गहरी शोक संवेदना प्रकट की तथा उन्हें ढांढ़स बंधाया।
