दावोस। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की बैठक में भाग लेने पहुंचे झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया समूह ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक की मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता राजन के साथ विस्तृत चर्चा की। इस संवाद के दौरान झारखण्ड की वैश्विक मंच पर भागीदारी के उद्देश्य, राज्य की विकास प्राथमिकताओं तथा अगले 25 वर्षों के दीर्घकालिक विकास विज़न पर गहन विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखण्ड एक युवा राज्य है, जिसने पहली बार दावोस जैसे प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर अपनी क्षमता और संभावनाओं के साथ सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य अब केवल खनिज-आधारित अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि ग्रीन इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट, क्रिटिकल मिनरल्स, स्वच्छ ऊर्जा, मानव संसाधन विकास और समावेशी आर्थिक वृद्धि जैसे क्षेत्रों में नई पहचान बना रहा है।
25 वर्षों का संतुलित और रोजगार-केंद्रित विकास मॉडल
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार अगले 25 वर्षों के लिए संतुलित, टिकाऊ और रोजगार-केंद्रित विकास मॉडल पर काम कर रही है। इस दीर्घकालिक विज़न में वैश्विक निवेश, आधुनिक तकनीक के हस्तांतरण और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ साझेदारी को विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि झारखण्ड निवेशकों के लिए बेहतर नीतिगत माहौल और दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

अक्टूबर में भारत में होगा ग्लोबल स्पेशल राउंडटेबल
इस अवसर पर ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि अक्टूबर माह में भारत में एक ग्लोबल स्पेशल राउंडटेबल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में फॉर्च्यून 500 कंपनियों के शीर्ष अधिकारी, वैश्विक उद्योग जगत के नेता, नीति-निर्माता तथा न्यूयॉर्क के पूर्व मेयर सहित कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय हस्तियां भाग लेंगी।
ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक की मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता राजन ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को इस राउंडटेबल में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया और झारखण्ड के विकास एजेंडे को वैश्विक नेतृत्व के समक्ष प्रस्तुत करने में ब्लूमबर्ग की रुचि भी व्यक्त की।

गौरतलब है कि ब्लूमबर्ग एशिया-पैसिफिक, ब्लूमबर्ग मीडिया के वैश्विक नेटवर्क का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में व्यापार, वित्त और बाजार से जुड़ी खबरें टीवी, डिजिटल, प्रिंट और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के माध्यम से प्रसारित करता है। मुख्यमंत्री ने इस संवाद को झारखण्ड की विकास यात्रा और निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंचों पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।
