नई दिल्ली, 22 मार्च। भारत सरकार का खान मंत्रालय 23 और 24 मार्च को स्कोप कन्वेंशन सेंटर में राष्ट्रीय जिला खनिज निधि (डीएमएफ) शिखर सम्मेलन 2026 का आयोजन करेगा।
मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह दो दिवसीय राष्ट्रीय जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) शिखर सम्मेलन सोमवार से शुरू होकर मंगलवार तक चलेगा। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे और खान मंत्रालय के सचिव पीयूष गोयल भी मौजूद रहेंगे।
मंत्रालय के मुताबिक, इस शिखर सम्मेलन में विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों, जिला प्रशासन, नीति आयोग तथा अन्य हितधारकों के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे।
सम्मेलन के दौरान डीएमएफ की योजना, उसके प्रभावी कार्यान्वयन और निगरानी से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करते हुए सुधार के उपायों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श होगा।
यह शिखर सम्मेलन खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और पारदर्शिता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
