केंद्रीय बजट में झारखंड की हुई है उपेक्षा : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन

कोडरमा।
राज्य के मुख्यमंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय अध्यक्ष हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को कोडरमा के लोकाई में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार के केंद्रीय बजट में झारखंड की घोर उपेक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि खनिज संसाधनों से समृद्ध झारखंड यदि अपने संसाधनों को दूसरे राज्यों में भेजने पर रोक लगा दे, तो देश की आर्थिक स्थिति कमजोर हो जाएगी।

मुख्यमंत्री ने झामुमो में शामिल हुए नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि कोडरमा जिले में पार्टी अपने राजनीतिक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाते हुए संगठन को और मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद अलग राज्य झारखंड का गठन हुआ, लेकिन 25 वर्षों के बाद भी यह राज्य कई मायनों में पिछड़ा हुआ है। पहले यह बिहार के एक कोने में बसता था, जिसके कारण विकास से वंचित रहा।


झारखंड ने सदियों से सिर्फ दिया, बदले में उपेक्षा मिली

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि देश की आज़ादी से पहले ही झारखंड के आदिवासी-मूलवासी समाज ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष शुरू कर दिया था। हजारीबाग जेल से लेकर झारखंड के हर कोने की जेलें आंदोलनकारियों से भरी रहती थीं। यह राज्य ऐसा है जिसने सदियों से देश को केवल देने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि कोयला, लोहा, अबरख सहित तमाम खनिज संसाधन झारखंड से गए, जिससे दिल्ली, मुंबई और गुजरात जैसे राज्य चमकते रहे, जबकि झारखंड अंधकार और गरीबी में रहने को मजबूर हुआ। आज़ादी के बाद देश में उद्योग-धंधे लगे, लेकिन दुर्भाग्यवश उसका लाभ झारखंड के लोगों को नहीं मिला। योजनाबद्ध तरीके से झारखंड को गरीब राज्य बनाया गया।


झारखंड अब बदल रहा है, वैश्विक मंच पर पहचान बना रहा है

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को गरीब इसलिए रखा गया ताकि अन्य राज्य आगे बढ़ सकें। सड़कों, इमारतों और फैक्ट्रियों के निर्माण के लिए मजदूर चाहिए थे और झारखंड-बिहार के लोगों को मजदूर बनाकर छोड़ दिया गया। लेकिन अब झारखंड बदल रहा है। राज्य को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने का काम किया गया है और आज यहां के युवा विदेशों में पढ़ाई कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शालिनी गुप्ता के नेतृत्व से संगठन को और मजबूती मिलेगी। इससे कोडरमा को बेहतर ढंग से देखने और समझने का अवसर मिलेगा।


कोडरमा में दिखेगा बदलाव : सुदीव्य कुमार सोनू

राज्य के नगर विकास मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने कहा कि वर्ष 2019 में झारखंड की जनता ने हेमन्त सोरेन के नेतृत्व पर विश्वास जताया। सर्वजन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और मंईयां सम्मान जैसी योजनाओं से आम लोगों को लाभ मिला। वर्ष 2024 के चुनाव में भी झारखंड की जनता ने हेमन्त सोरेन के साथ चलने का संकल्प लिया और अब कोडरमा की जनता भी बदलाव के लिए तैयार है।


झारखंड जिनका है, उन्हीं का रहेगा : शालिनी गुप्ता

झामुमो में शामिल होने के बाद शालिनी गुप्ता ने कहा कि आज कार्यक्रम में नई ऊर्जा और नया उत्साह दिखाई दे रहा है। 15 वर्षों के संघर्ष और तपस्या के बाद आज नवीनीकरण का दिन है। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में बाहर से आए नेताओं ने झारखंड पर दावा किया था, लेकिन झारखंड उन्हीं का है जिनका यह राज्य रहा है और आगे भी रहेगा।


मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत, गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान

कोडरमा आगमन पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का उपायुक्त ऋतुराज ने पौधा भेंट कर स्वागत किया। हेलीकॉप्टर से जेजे कॉलेज पहुंचने पर मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, उप विकास आयुक्त रवि जैन सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बिरेन्द्र पांडेय ने की, जबकि संचालन जिला सचिव पवन माइकल कुजूर ने किया। इस अवसर पर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव, मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू, पार्टी नेता प्रणव वर्मा, पूर्व विधायक केदार हाजरा सहित झामुमो के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading