नगर निकाय चुनाव: रांची मेयर पद के लिए भाजपा ने रोशनी खलखो पर जताया भरोसा, जल्द हो सकती है घोषणा

रांची।
नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्य की सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी-अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गई हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए रोशनी खलखो को समर्थन देने का फैसला किया है। हालांकि अभी तक पार्टी की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि जल्द ही नाम की घोषणा कर दी जाएगी।

रोशनी खलखो इससे पहले रांची नगर निगम के वार्ड संख्या 19 से पार्षद रह चुकी हैं। खास बात यह रही कि वह पूरे नगर निगम क्षेत्र में एकमात्र निर्विरोध निर्वाचित पार्षद बनी थीं, जिससे उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ और जनसमर्थन स्पष्ट होता है।

बताया जा रहा है कि भाजपा के भीतर मेयर पद को लेकर कई दावेदार थे। इनमें अशोक बड़ाईक, रामकुमार पाहन समेत अन्य नेताओं के नाम चर्चा में थे। लेकिन पार्टी नेतृत्व ने सभी पहलुओं पर मंथन के बाद रोशनी खलखो को सबसे उपयुक्त प्रत्याशी माना।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, नगर निकाय चुनाव को लेकर रोशनी खलखो द्वारा किए गए संघर्ष को विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी और लंबे समय तक कानूनी लड़ाई लड़ी थी। उनके इसी संघर्षशील रवैये और सक्रिय भूमिका के कारण भाजपा ने उन पर भरोसा जताया है।

अब सभी की नजरें भाजपा की औपचारिक घोषणा पर टिकी हैं, जिसके बाद रांची मेयर चुनाव की तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading