टंगराकोचा को ड्राई जोन घोषित करने की मांग, नागरिक समस्याओं को लेकर सामूहिक पहल का निर्णय
रांची।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रांची के रातु रोड स्थित वार्ड संख्या–32 के टंगराकोचा में रविवार को रांची सिटीजन फोरम की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता फोरम अध्यक्ष दीपेश निराला ने की।
बैठक में उपस्थित स्थानीय नागरिकों ने वार्ड संख्या–32 को ड्राई जोन बताते हुए क्षेत्र में व्याप्त गंभीर पेयजल संकट पर चिंता जताई। नागरिकों ने बताया कि लंबे समय से जलापूर्ति बाधित रहने के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस अवसर पर फोरम अध्यक्ष दीपेश निराला ने कहा कि आगामी रांची नगर निगम चुनाव में रांची सिटीजन फोरम शहर के सभी 53 वार्डों से एक-एक प्रत्याशी को समर्थन देगा। उन्होंने कहा कि फोरम का उद्देश्य नागरिक समस्याओं को चर्चा, संवाद और जागरूकता के माध्यम से सामने लाकर उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करना है।
बैठक की संयोजक एवं पूर्व वार्ड पार्षद गीता कुजूर ने बताया कि नगर निगम द्वारा कराई गई बोरिंग का मोटर पिछले छह माह से खराब है, जिससे क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा कचरा उठाव, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, नाली निर्माण, अधूरे सीवरेज कार्य, कम वोल्टेज बिजली आपूर्ति, बिजली तारों की सुरक्षा तथा आवारा कुत्तों की समस्या भी क्षेत्र में गंभीर बनी हुई है।
बैठक में फोरम के उपाध्यक्ष उमाशंकर सिंह, संयुक्त सचिव संतोष मृदुला, मनीष बक्शी सहित ललित नारायण ओझा, जीतू उरांव, राधा देवी, ममता कुमारी, सागर टोप्पो, मधुसूदन चौधरी, गणेश मिस्त्री, राजू लकड़ा, पप्पू चौधरी, अनीता चौधरी, रणधीर चौधरी, मनीष लकड़ा, राजा टोप्पो, संतोष तिवारी, कविता शर्मा, गंगा तिर्की, पूनम कुजूर, सरिता देवी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर ठोस और प्रभावी पहल की जाएगी, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र राहत मिल सके।

