नये साल पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया धुर्वा डैम व पिकनिक स्पॉट्स का निरीक्षण, पर्यटन विकास पर दिया जोर

रांची। नये वर्ष के आगाज पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज रांची शहर का दौरा करते हुए धुर्वा डैम सहित अन्य प्रमुख पिकनिक स्पॉट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा पर्यटन विकास की संभावनाओं का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया।

निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने चाय की चुस्की के साथ रांची की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धुर्वा डैम क्षेत्र में पर्यटन को व्यवस्थित और योजनाबद्ध ढंग से विकसित करने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और यह क्षेत्र रांची शहर के पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख आकर्षण के रूप में उभरेगा।

इस दौरान श्री सोरेन ने स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव भी लिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार जनसहभागिता के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देगी। मुख्यमंत्री ने कहा,
“धुर्वा डैम न केवल रांची का एक महत्वपूर्ण जल स्रोत है, बल्कि यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं भी हैं। सरकार इन संभावनाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित करेगी।”

इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने धुर्वा स्थित ज्यूडिशियल अकादमी, झारखंड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान की अधोसंरचना एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव मनोज कुमार, रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, रांची जिला प्रशासन के पदाधिकारी, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading