गुमला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज गुमला जिले के रायडीह प्रखंड में आयोजित दो दिवसीय अंतरराज्यीय जन-सांस्कृतिक समागम ‘कार्तिक जतरा’ में भाग लेंगी। यह आयोजन पंखराज साहेब कार्तिक उरांव चौक बैरियर बगीचा, मांझाटोली में किया जा रहा है।
इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव तथा एसटी-एससी विषयक संसदीय समिति के अध्यक्ष फगन सिंह कुलस्ते सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। राष्ट्रपति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुमला जिले के हवाई क्षेत्र में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इस अवधि में ड्रोन, पैराग्लाइडर सहित किसी भी प्रकार के हवाई उपकरण के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्तिक जतरा के दौरान विभिन्न राज्यों से आई आदिवासी पारंपरिक खोड़हादल नृत्य मंडलियां अपनी लोक कला और संस्कृति का प्रदर्शन करेंगी, जिससे आयोजन में अंतरराज्यीय सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम के उपरांत राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से रांची लौटेंगी और वहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगी। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन दिनों तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन वे जमशेदपुर पहुंची थीं, जहां करनडीह जाहेरथान में ओलचिकी लिपि के शताब्दी समारोह तथा आदित्यपुर स्थित एनआईटी के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं।
