नई दिल्ली।
रांची के 15 ट्राइबल बच्चों को आज केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने अपने दिल्ली स्थित आवास पर आमंत्रित कर उनसे आत्मीय मुलाकात की। ये सभी बच्चे रांची के पारस नाथ स्कूल, हजाम के छात्र हैं, जिन्हें सामाजिक संस्था राउंड टेबल के सहयोग से दिल्ली लाया गया है।
बताया गया कि ये सभी बच्चे ऐसे हैं, जिन्होंने इससे पहले न कभी ट्रेन यात्रा की थी और न ही कभी रांची से बाहर निकले थे। पहली बार इन बच्चों को हवाई मार्ग से दिल्ली लाया गया, जो उनके जीवन का एक यादगार अनुभव बन गया।

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने आज इन बच्चों को वार मेमोरियल और इंडिया गेट का भ्रमण कराया, जहां बच्चों ने देश के अमर वीर शहीदों को नमन किया। बच्चों ने देश की राजधानी के ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व के स्थलों को देखकर उत्साह और गर्व महसूस किया।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में कल इन बच्चों को राष्ट्रपति भवन और भारत के लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर संसद भवन का दर्शन कराया जाएगा। इस दौरान बच्चों की लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला से मुलाकात भी प्रस्तावित है।

इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने कहा कि राउंड टेबल संस्था द्वारा किया जा रहा यह प्रयास अत्यंत सराहनीय और नेक कार्य है। ऐसे ट्राइबल बच्चे, जो आज तक अपने जिले या राज्य से बाहर नहीं निकल पाए, उन्हें देश भ्रमण का अवसर देना उनके व्यक्तित्व विकास के लिए बेहद जरूरी है। इससे बच्चे भारत की कला, संस्कृति, लोकतंत्र और इतिहास को करीब से समझ सकेंगे।
उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि देश के युवा भारतीय संस्कृति, लोकतांत्रिक मूल्यों और शहीदों के बलिदान को जानें और पहचानें। इसी उद्देश्य के तहत रांची से आए इन बच्चों को दिल्ली के लोकतांत्रिक और शहीद स्मारकों का भ्रमण कराया जा रहा है, ताकि वे प्रेरणा लेकर अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकें।
