16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर राज्य निर्वाचन आयुक्त का संदेश
रांची, 25 जनवरी (हि.स.)।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने कहा कि मतदाता लोकतंत्र का आधार होते हैं और लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए मतदाताओं का जागरूक एवं सतर्क होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने राज्यवासियों को 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
अलका तिवारी रविवार को आर्यभट्ट सभागार, रांची में आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस–2026 समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने बताया कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी और वर्ष 2011 से इस दिन को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाता है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “माई वोट, माई इंडिया” तथा टैगलाइन “इंडियन सिटिजन एट द हार्ट ऑफ इंडियन डेमोक्रेसी” निर्धारित की गई है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह आवश्यक है कि मतदाता बिना किसी भय, प्रलोभन तथा जाति, धर्म, भाषा या समुदाय से ऊपर उठकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। यही भारत निर्वाचन आयोग का मूल उद्देश्य है, जिसे पूरा करने के लिए आयोग निरंतर नवीन तकनीकों और नवाचारों का उपयोग कर रहा है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि मतदाता पंजीकरण और जागरूकता एक सतत प्रक्रिया है। सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए चार अर्हता तिथियां—1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर निर्धारित की गई हैं। इन तिथियों तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नागरिक सरलता से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। महिला, पुरुष, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, पीवीटीजी और थर्ड जेंडर सहित सभी वर्गों को आवश्यक सुविधाएं देना आयोग की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान के लिए मतदाता सूची में नाम होना अनिवार्य है। मतदाता सूची अथवा वोटर कार्ड से संबंधित जानकारी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) से प्राप्त की जा सकती है, जिसकी जानकारी सीईओ की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू की गई “बुक ए कॉल” सुविधा के माध्यम से मतदाता सीधे अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। बीएलओ 48 घंटे के भीतर मतदाता से संपर्क कर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे।

रवि कुमार ने बताया कि झारखंड में मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण कार्य जारी है, जिसमें अब तक 72 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग बीएलओ ऐप के माध्यम से पूरी हो चुकी है। इस दौरान बीएलओ घर-घर जाकर स्टीकर लगाएंगे, जिसमें बीएलओ का मोबाइल नंबर और मकान संख्या अंकित होगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि राष्ट्रीय स्तर पर पाकुड़ जिले को बेस्ट इलेक्शन डिस्ट्रिक्ट अवार्ड के लिए चयनित किया गया है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।
समारोह में जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने समापन भाषण दिया, जबकि संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने मतदाता शपथ दिलाई।
इस अवसर पर वरिष्ठ मतदाताओं के रूप में समदुलारी देवी, गीता मित्रा और एनीमुल्लाह, जबकि युवा मतदाताओं के रूप में अर्चित कुमार गोयल, सौरभ कुमार और अनुष्का गुप्ता को सम्मानित किया गया। साथ ही वर्ष 2025 में उत्कृष्ट कार्यों के लिए पश्चिमी सिंहभूम, साहेबगंज, गिरिडीह, गढ़वा, घाटशिला और देवघर सहित विभिन्न जिलों के निर्वाचन अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
