सारण में माही नदी का तटबंध टूटा, उपमुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण

सारण में माही नदी का सिमरहिया बांध टूटने से आठ गांव प्रभावित हैं। उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव ने मौके का निरीक्षण कर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

News Tribal Plus

बिहार के सारण जिले में माही नदी तटबंध टूटने से ग्रामीण इलाकों में संकट की स्थिति पैदा हो गई है। गड़खा से पट्टी शीतलपुर की ओर जाने वाली माही नदी के मोहन कोठियां गांव के समीप सिमरहिया बांध रविवार सुबह अचानक टूट गया। इसके बाद नदी का पानी आसपास के इलाकों में तेजी से फैलने लगा, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जलभराव के कारण लोगों के आवागमन, खेती-बारी और रोजमर्रा के कामकाज पर असर पड़ा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बाद में उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने और कटाव निरोधी कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

आठ गांवों में फैला पानी

माही नदी तटबंध टूटने का सबसे अधिक असर मोहन कोठिया, घोरहो कोठिया, मुजौना, धर्मागत, जैतीपुर और रामपुर समेत आठ गांवों पर पड़ा है। पानी फैलने से कई ग्रामीणों के सामने आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। खेतों में जलभराव के कारण खेती-बारी भी प्रभावित हुई है।

 माही नदी

अचानक तटबंध टूटने के कारण ग्रामीणों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मामले की जानकारी सांसद प्रतिनिधि सह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश कुमार सिंह को दी। उन्होंने घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव को इसकी सूचना दी।

डीएम और एसएसपी ने संभाली स्थिति

सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रौशन कुमार तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से टूटे हिस्से और आसपास के कटाव को नियंत्रित करने के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू कराया गया।

माही नदी तटबंध को हुए नुकसान के बाद प्रशासन की टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों का फोकस पानी के फैलाव को नियंत्रित करने और संभावित खतरे को कम करने पर है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इसे भी देखे- रांची में JPSC-JSSC Protest का बड़ा बवाल! पुतला छीनने के बाद भिड़े छात्र-JMM, कुणाल प्रताप डिटेन?

उपमुख्यमंत्री ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश

स्थिति का जायजा लेने के लिए उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव घटनास्थल पहुंचे। उनके साथ गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह और विधायक करिश्मा राय भी मौजूद रहीं।

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और जरूरत के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा। यदि आवश्यकता हुई तो प्रभावित लोगों के लिए सामुदायिक किचन भी शुरू किया जाएगा, ताकि जलभराव की स्थिति में भोजन की समस्या न हो।

Leave a Reply

Discover more from Tribal Plus News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading