झारखंड के दुमका जिले की बेटी सुदीपा दत्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 41वां रैंक हासिल कर जिले के साथ-साथ पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से दुमका और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं और उनकी सफलता पर गर्व जता रहे हैं।
सुदीपा दत्ता मूल रूप से दुमका जिले के कुमड़ाबाद की रहने वाली हैं। उनके पिता सच्चिदानंद दत्ता डाकघर में पोस्टमास्टर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां पंपा दत्ता गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली सुदीपा ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
तीसरे प्रयास में मिली सफलता
जानकारी के अनुसार यह सुदीपा का तीसरा प्रयास था। इससे पहले वह एक बार साक्षात्कार (इंटरव्यू) तक पहुंच चुकी थीं, लेकिन कुछ अंकों से अंतिम सूची में जगह बनाने से चूक गई थीं। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी तैयारी जारी रखी। अंततः इस बार उन्होंने शानदार सफलता हासिल कर यूपीएससी में 41वां स्थान प्राप्त किया।
दुमका में रहकर की तैयारी
सुदीपा की प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ स्कूल, बांका से हुई। इसके बाद उन्होंने सिदो-कान्हू हाई स्कूल, दुमका से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। स्नातक की पढ़ाई उन्होंने ए एंड कॉलेज, दुमका से की। खास बात यह है कि उन्होंने दुमका में रहकर ही यूपीएससी की तैयारी की और अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया।
राजकीय पुस्तकालय में करती थीं पढ़ाई
तैयारी के दौरान सुदीपा दुमका के राजकीय पुस्तकालय में नियमित रूप से अध्ययन करती थीं। यहां आयोजित ग्रुप डिस्कशन और मॉक टेस्ट में सक्रिय रूप से भाग लेकर उन्होंने अपनी तैयारी को और मजबूत बनाया। उनकी सफलता यह साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ निश्चय और मेहनत से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।
पहले ही सीडीपीओ पद के लिए हो चुका चयन
गौरतलब है कि इससे पहले भी सुदीपा का चयन झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के माध्यम से सीडीपीओ पद के लिए हो चुका है। अब यूपीएससी में शानदार सफलता के बाद उनके परिवार, मित्रों और शिक्षकों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
