मुंबई। मशहूर कोरियोग्राफर के साथ-साथ एक सफल फिल्म निर्देशक के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुकीं फराह खान एक बार फिर निर्देशन की दुनिया में वापसी के लिए तैयार हैं। लंबे समय से दर्शक उनकी डायरेक्शन में नई फिल्म का इंतजार कर रहे थे और अब खुद फराह खान ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि वह जल्द ही एक नए प्रोजेक्ट के साथ डायरेक्टर की कुर्सी पर लौटने वाली हैं।
दिलचस्प बात यह है कि इस बड़े ऐलान के लिए न तो कोई प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई और न ही किसी स्टूडियो की आधिकारिक घोषणा हुई। बल्कि यह जानकारी एक घरेलू मुलाकात और अनौपचारिक बातचीत के दौरान सामने आई।
दरअसल, फराह खान अपने यूट्यूब व्लॉग्स के जरिए लगातार फैंस से जुड़ी रहती हैं। हाल ही में टीवी अभिनेता नकुल मेहता से बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी वापसी का संकेत दिया। नकुल ने उनसे कहा कि दर्शक उनकी बनाई फिल्मों को काफी मिस कर रहे हैं। इस पर फराह खान ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया और साफ कहा कि वह दोबारा निर्देशन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और बस सही समय का इंतजार कर रही हैं।
इतना ही नहीं, फराह खान ने यह भी इशारा दिया कि उनकी अगली फिल्म शाहरुख खान के साथ हो सकती है। उन्होंने बताया कि जैसे ही उनके बच्चे कॉलेज चले जाएंगे, वह फिल्म पर काम शुरू कर देंगी और संभव है कि साल के अंत तक इस प्रोजेक्ट पर हाथ डालें। मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा कि अगर वह निर्देशन करेंगी तो शाहरुख खान का ही इंतजार करेंगी, वरना तब तक यूट्यूब पर काम करती रहेंगी।
फराह खान के इस बयान के बाद फिल्म इंडस्ट्री और फैंस के बीच उत्सुकता काफी बढ़ गई है। माना जा रहा है कि यदि यह प्रोजेक्ट साकार होता है, तो एक बार फिर फराह खान और शाहरुख खान की सुपरहिट जोड़ी बड़े पर्दे पर धमाल मचा सकती है।
